सोनवर्षाराज थाना पुलिस ने शाहपुर गांव के समीप 10 मई को बाइक सवार दंपती से हुई लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में शामिल तीन बदमाशों के साथ लूट के जेवर खरीदने वाले एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गये जेवरात, मोबाइल फोन एवं अन्य सामान भी बरामद किये गये हैं.
थानाध्यक्ष नागमणि कुमार ने बताया कि मामले की जांच के दौरान शाहपुर गांव निवासी शशिकांत यादव के पुत्र लालू Kumar उर्फ राजकुमार को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन बरामद हुआ. लालू की निशानदेही पर बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 निवासी विनोद मेहता के पुत्र रवीश कुमार तथा इटहरा निवासी सुरेशचंद्र यादव के पुत्र आलोक कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर बैजनाथपुर स्थित मां वैष्णवी ज्वेलर्स में छापेमारी कर राजेश कुमार साह के पुत्र रोहित कुमार को गिरफ्तार किया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से लूट के जेवरात भी बरामद किये हैं.
थानाध्यक्ष ने बताया कि 10 मई को सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नैनपुर गांव निवासी रूपेश कुमार रमन अपनी पत्नी विनीता कुमारी एवं पुत्र कार्तिक कुमार के साथ बाइक से मधेपुरा से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान शाहपुर गांव स्थित मील के समीप पहले से घात लगाये बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और पहने हुए सोने के जेवरात, ढाई हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा अन्य जरूरी कागजात लूट लिये थे.
घटना के बाद पीड़ित के आवेदन पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गयी थी. लगातार छापेमारी एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

0 Comments