सहरसा पुलिस ने मई महीने में हुए अश्विनी हत्याकांड के नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी शिवजी सिंह (पिता - सुशील सिंह, निवासी - रजनी, वार्ड नं. 16, थाना - मुरलीगंज, जिला - मधेपुरा, वर्तमान पता - कोशी चौक, वार्ड नं. 16) को उसके नानी घर, काशनगर थाना क्षेत्र के भस्ती गांव से गिरफ्तार किया।
मामला 23 मई 2025 का है, जब कोशी कॉलोनी स्थित एक बंद भवन में अश्विनी कुमार (उम्र लगभग 21 वर्ष, पिता - उमेश पासवान, निवासी - कोशी चौक) का शव मिला था। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी, FSL और डॉग स्क्वॉड टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया और मृतक के पिता के बयान पर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह मृतक की पान दुकान पर दोस्तों के साथ बैठा करता था और बकाया में सामान लेता था। बकाया राशि की मांग को लेकर मृतक और आरोपी के बीच विवाद हुआ था।
आरोपी का कहना है कि इस विवाद के बाद मृतक ने अपने भाइयों और सहयोगियों के साथ उसकी पिटाई की थी, जिससे वह बदला लेने के इरादे से भर गया। इसी बीच आरोपी के छोटे भाई ने बताया कि मृतक ने उसके दोस्त और महिला मित्र का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया है। दोनों कारणों से आरोपी और उसके साथियों ने योजनाबद्ध तरीके से अश्विनी की हत्या कर दी।
घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार, सदर थाना के थानाध्यक्ष सह पु.नि. सुबोध कुमार, पुलिस पदाधिकारी शोएब अख्तर, विजय पासवान, खुशबू कुमारी, जिला आसूचना इकाई के अधिकारी-कर्मी और सशस्त्र बल शामिल थे।
0 Comments