सहरसा जिले के कहरा अंचल में आमजन को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह प्रखंड विकास पदाधिकारी सुश्री अभिलाषा पाठक, अंचलाधिकारी श्री सौरभ कुमार और CSC जिला प्रबंधक श्री रूपेश रंजन की संयुक्त उपस्थिति में संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान अधिकारियों ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर CSC केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि CSC केंद्र सरकार की डिजिटल इंडिया पहल को जमीनी स्तर तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच सेवा उपलब्धता की खाई कम हो रही है और नागरिकों को सरकारी सेवाएँ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से मिल रही हैं।
उद्घाटन के साथ ही CSC केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी चयनित VLE श्री नारायण कुमार झा को सौंपी गई। अधिकारियों ने उनसे अपेक्षा जताई कि वे पूर्ण जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ क्षेत्र के नागरिकों को निर्बाध डिजिटल सेवाएँ उपलब्ध कराएंगे।
नव स्थापित CSC केंद्र में भू-राजस्व से संबंधित प्रमुख सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें भूमि रसीद (लगान भुगतान), दाखिल-खारिज, एलपीसी (भूमि/स्थानीयता प्रमाण), भू-अभिलेख से जुड़ी अन्य सेवाएँ तथा बिहार सरकार द्वारा अधिसूचित अन्य राजस्व सेवाएँ शामिल हैं। इन सेवाओं के शुरू होने से स्थानीय लोगों को अंचल कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और उन्हें त्वरित व सुगम सेवाएँ प्राप्त होंगी।
बिहार सरकार की डिजिटल सेवा विस्तार नीति के तहत CSC केंद्रों को एक अहम कड़ी बताया गया। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक तक सरकारी सेवाएँ सरल, सुलभ और बिना देरी के पहुँचें। कहरा अंचल में यह CSC केंद्र इसी उद्देश्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
उद्घाटन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने CSC केंद्र की स्थापना को क्षेत्र के लिए लाभकारी बताते हुए इसे ग्रामीणों के लिए सुविधा बढ़ाने वाला कदम बताया। समारोह के अंत में अतिथियों ने केंद्र की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया और बेहतर सेवा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से CI शशि भूषण सिंह, पिंकी कुमारी, श्रवण कुमार, रूपक कुमार, संजीत कुमार, कुंवर कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
0 Comments