Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : राजकीय पॉलिटेक्निक, सहरसा में मेगा प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन


राजकीय पॉलिटेक्निक, सहरसा के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ (Training & Placement Cell) द्वारा दिनांक 30 जनवरी 2026 को संस्थान के सेमिनार हॉल में एक मेगा प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। इस मेगा प्लेसमेंट ड्राइव का संचालन Shatyarth Technology Pvt. Ltd. के माध्यम से किया गया।
इस अवसर पर देश की प्रतिष्ठित कंपनियों MRF, Krishna Maruti Ltd. एवं Tata Electronics ने भाग लिया। प्लेसमेंट प्रक्रिया में इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल एवं ऑटोमोबाइल शाखाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कुल 300 से अधिक विद्यार्थियों ने इस मेगा प्लेसमेंट ड्राइव में भाग लिया, जिनमें से 169 विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों में MRF में 97 तथा Krishna Maruti Ltd. में 72 छात्र शामिल हैं।


इस प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान Shatyarth Technology Pvt. Ltd. के डायरेक्टर श्री संजीव कुमार एवं ऑपरेशन मैनेजर श्री रामेन्द्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपूर्ण चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
संस्थान के प्राचार्य प्रो. मिथुन कुमार ने मेगा प्लेसमेंट ड्राइव की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “राजकीय पॉलिटेक्निक, सहरसा का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ रोजगारोन्मुख बनाना है। इस प्रकार के मेगा प्लेसमेंट ड्राइव छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करते हैं।”
प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर प्रो. धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि “संस्थान द्वारा उद्योगों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को अधिकतम प्लेसमेंट अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। यह सफलता पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।”
कोऑर्डिनेटर प्रो. सौरभ कुमार ने कहा कि “विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और पूर्व प्रशिक्षण के कारण इतने बड़े स्तर पर चयन संभव हो सका।”
वहीं प्रो. ऋषु देवयानी ने कहा कि “ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिलता है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है।”



Shatyarth Technology Pvt. Ltd. के डायरेक्टर श्री संजीव कुमार ने कहा कि “राजकीय पॉलिटेक्निक, सहरसा के विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, अनुशासन और सीखने की उत्कृष्ट क्षमता है। भविष्य में भी हम इस संस्थान के साथ मिलकर अधिक से अधिक प्लेसमेंट अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।”
इसके पूर्व दिनांक 22 जनवरी 2026 को भी राजकीय पॉलिटेक्निक, सहरसा परिसर में M/s Banco Products (India) Ltd. द्वारा अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए एक प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया था। इस ड्राइव में मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, सिविल एवं कंप्यूटर साइंस (CSE) सहित सभी शाखाओं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। लगभग 120 विद्यार्थियों ने इस चयन प्रक्रिया में सहभागिता की, जिनमें से 45 विद्यार्थियों का चयन किया गया। यह चयन प्रक्रिया कंपनी के एच.आर. प्रतिनिधि श्री सुसंत जाना की उपस्थिति में संपन्न हुई।



इस प्रकार राजकीय पॉलिटेक्निक, सहरसा में आयोजित दोनों सफल प्लेसमेंट ड्राइव संस्थान की सुदृढ़ शैक्षणिक व्यवस्था, प्रभावी प्रशिक्षण प्रणाली तथा उद्योगों के साथ मजबूत समन्वय को दर्शाते हैं। इन उपलब्धियों के पीछे संस्थान के सभी व्याख्याताओं, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की टीम तथा समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा। राजकीय पॉलिटेक्निक, सहरसा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं सशक्त करियर निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा।

Post a Comment

0 Comments