Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा में तीन दिवसीय प्रमंडलीय स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी का शुभारंभ, किसानों के उज्ज्वल भविष्य पर जोर



सहरसा। कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय के निर्देश पर सहरसा में प्रमंडलीय स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता–2026 का भव्य आयोजन किया गया। शहर के डीबी रोड स्थित संयुक्त कृषि भवन परिसर में आयोजित यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी 29 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगी। कार्यक्रम का उद्घाटन कोसी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार, सहरसा के जिलाधिकारी दीपेश कुमार, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक प्रवीण कुमार राय एवं जिला उद्यान पदाधिकारी शैलेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया।



उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि इस तरह की उद्यान प्रदर्शनी हर जिले में नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने कोसी क्षेत्र की कृषि संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यहां जल संसाधन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं और मात्र 13 फीट की गहराई पर पानी मिल जाना इस क्षेत्र की बड़ी ताकत है। पूर्वी कोसी नहर प्रणाली किसानों के लिए मजबूत आधार प्रदान कर रही है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 22 से 23 घंटे बिजली की उपलब्धता से कृषि कार्यों में काफी सहूलियत हो रही है।



जिलाधिकारी ने बताया कि कोसी क्षेत्र में मखाना उत्पादन में लगातार वृद्धि हो रही है, जबकि पड़ोसी जिलों मधुबनी और दरभंगा में भू-जल स्तर नीचे जाने से मखाना उत्पादन प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि धान की पैदावार भी इस क्षेत्र में बेहतर हो रही है। सत्तरकटैया प्रखंड में संतरा की खेती की शुरुआत की गई है और ड्रैगन फ्रूट, पाइनएप्पल जैसी नई फसलों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सब्जी उत्पादन और मृदा जांच के आधार पर मूंगफली जैसी फसलों की भी व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सहरसा के किसानों का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।

वहीं कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक प्रवीण कुमार राय ने कहा कि यह प्रदर्शनी प्रमंडल स्तर की है, जिसमें कोसी प्रमंडल के सभी जिलों से किसान और कृषक समूह शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की प्रदर्शनी और प्रतियोगिताएं किसानों के बीच रचनात्मक एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं। साथ ही, इससे किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर पैदा होते हैं और सफल किसानों को सम्मानित कर उनकी सफलता की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाती हैं।

Post a Comment

0 Comments