सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारियल विकास बोर्ड के पास एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) के संचालक से करीब पांच लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित की पहचान भर्राही थाना क्षेत्र के बिरैली बाजार वार्ड संख्या पांच निवासी अनमोल कुमार मेहता के रूप में हुई है।
पीड़ित ने बताया कि वे घर पर एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं। सीएसपी के कार्य से नकद निकासी के लिए वे कर्पूरी चौक स्थित एसबीआई एडीबी शाखा, मधेपुरा आए थे। शाखा से पांच लाख 29 हजार 921 रुपये लेकर वे अपनी कार (बीआर 43 9866, ऑल्टो K10) से सिंहेश्वर लौट रहे थे।
इसी दौरान सिंहेश्वर पेट्रोल पंप से दक्षिण और टेम्पो स्टैंड से उत्तर की ओर भारी जाम लगा हुआ था, जिससे वाहन रुक-रुक कर चल रहे थे। जाम का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश ने उनकी कार की डिक्की खोल दी और रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि वे गाड़ी चला रहे थे, जैसे ही घटना का अहसास हुआ, सीट बेल्ट खोलकर बाहर निकलकर शोर मचाया और पीछा भी किया, लेकिन बदमाश नारियल फार्म की ओर भाग गया।
घटना के बाद आसपास के दुकानदार मदद के लिए आगे आए, परंतु बदमाश का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित के अनुसार बैग में नकदी के अलावा कई महत्वपूर्ण कागजात—पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड और जमीन का मूल कबाला—भी थे। ये सभी दस्तावेज वे हाउस लोन के लिए बैंक में दिखाने के बाद उसी बैग में रखे हुए थे।
मामले की सूचना सिंहेश्वर थाना को दे दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और बदमाश की पहचान में जुटी है।
0 Comments