Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa : खौफनाक रहस्य! बर्तन बेचने आई महिला ने दिखाया थाली-कमंडल, लोग हुए बेहोश, गहने लेकर फरार



सहरसा के कृष्णा नगर बटराहा से सामने आया यह मामला लोगों के दिलों में डर बैठाने वाला है। अब तक चोरी, छिनतई और लूट की खबरों से परेशान सहरसावासी आज एक ऐसे अजीबो-गरीब और रहस्यमयी घटनाक्रम को सुनकर सिहर उठे हैं, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है और डरा हुआ भी।

बताया जा रहा है कि एक अज्ञात महिला बर्तन बेचने के बहाने कृष्णा नगर बटराहा के एक घर तक पहुंची। पीड़ित आरती कुमारी ने बताया कि वह महिला बिना कुछ कहे अचानक घर का गेट खुद ही खोलकर अंदर प्रवेश कर गई। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि किसी को उसे रोकने या कुछ पूछने का मौका तक नहीं मिला। घर के अंदर आते ही वह महिला अपने आप एक कुर्सी खींचकर बैठ गई, मानो वह घर की ही सदस्य हो।

आरती कुमारी के अनुसार, अज्ञात महिला बोलने लगी कि वह पुराने बर्तन लेकर नए बर्तन देती है। उसकी बातों और व्यवहार में कुछ अजीब सा था, लेकिन उस वक्त किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। महिला के पास एक कमंडल था, जिसे वह बार-बार खोल रही थी और किसी तरह की क्रिया करती हुई नजर आ रही थी। उस कमंडल और उसके हाव-भाव को देखकर माहौल अचानक डरावना हो गया।

आरती कुमारी ने बताया कि जैसे ही उन्होंने उस कमंडल को ध्यान से देखा, उन्हें अचानक चक्कर आने लगे और वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ीं। घर में मौजूद अन्य लोग भी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही स्थिति बेकाबू हो चुकी थी। बेहोशी के इसी हालात का फायदा उठाकर वह अज्ञात महिला घर में मौजूद गहनों पर हाथ साफ कर गई।

होश आने पर आरती कुमारी और उनके परिवार पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। आरती ने रोते हुए बताया कि उनके और उनकी सास के शरीर पर जितने भी गहने पहने हुए थे, सब कुछ वह महिला उतारकर ले जा चुकी थी। गहने ही नहीं, बल्कि घर की शांति और परिवार का सुकून भी उस अज्ञात महिला अपने साथ ले गई।

इस घटना के बाद पूरे कृष्णा नगर बटराहा में दहशत का माहौल है। लोग डर के साये में जीने को मजबूर हैं। सहरसा पहले ही चोरी की घटनाओं से परेशान था, लेकिन इस नए तरीके की वारदात ने लोगों की चिंता कई गुना बढ़ा दी है। अब लोग अजनबी चेहरों से बात करने से भी डरने लगे हैं। बर्तन बेचने वाले, फेरी लगाने वाले और दरवाजे पर दस्तक देने वाले हर शख्स को शक की नजर से देखा जा रहा है।

हर गली, हर घर में एक ही सवाल गूंज रहा है कि अगर कोई इस तरह बेहोश करके गहने ले जा सकता है, तो अगला निशाना कौन होगा। यह घटना सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे सहरसा के डर की कहानी बन चुकी है। आज सहरसा हैरान भी है और सहमा हुआ भी, क्योंकि अब खतरा सिर्फ चोरी का नहीं, बल्कि उस अनजान डर का है जो दरवाजा खटखटाए बिना ही घर के अंदर घुस आता है।

Post a Comment

0 Comments