सहरसा जिले के सौरबाजार प्रखंड अंतर्गत सुहथ गांव वार्ड नंबर 10 के रहने वाले रूपेश ने अपनी मेहनत और लगन से ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात बन गया है। मैट्रिक परीक्षा परिणाम में रूपेश ने 486 अंक प्राप्त कर पूरे बिहार में 5वां स्थान हासिल किया है। उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि आर्थिक तंगी कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।
रूपेश का परिवार साधारण पृष्ठभूमि से आता है। उनके पिता पंजाब में एक फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद रूपेश ने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने दिन-रात मेहनत कर यह उपलब्धि हासिल की और अपने परिवार के साथ-साथ पूरे सहरसा जिले का नाम रोशन किया।
रूपेश की इस कामयाबी से गांव और आसपास के इलाके में खुशी का माहौल है। लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। रूपेश की सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो संसाधनों की कमी को अपनी कमजोरी मान लेते हैं।
रूपेश ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत सच्ची हो, तो किसी भी कठिनाई को पार कर सफलता की नई इबारत लिखी जा सकती है।
0 Comments