सहरसा पुलिस ने बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड का सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह घटना 29 मार्च 2026 की है, जब बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सबैला निवासी श्रवण कुमार को मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथपुर थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घायल श्रवण कुमार को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए दरभंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, डॉग स्क्वाड और जिला आसूचना इकाई को भी जांच में शामिल किया गया। पुलिस द्वारा विभिन्न पहलुओं पर वैज्ञानिक तरीके से जांच की गई। घायल के फर्दबयान के आधार पर बैजनाथपुर थाना कांड संख्या-49/26, दिनांक 30.03.2026 के तहत धारा 109(1)/3(5) भा.न्या.सं. में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सहरसा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी कुंदन कुमार (पिता- मनोहर मंडल, निवासी- दिघरा, थाना- घैलाढ़, जिला- मधेपुरा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि आपसी विवाद के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, बैजनाथपुर थानाध्यक्ष अमित रंजन, जिला आसूचना इकाई की टीम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
सहरसा पुलिस ने आम जनता को आश्वस्त किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस तरह की घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
0 Comments