सहरसा, 16 मार्च 2026। सहरसा पुलिस को सलखुआ थाना क्षेत्र में हुई युवती हत्याकांड मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस चर्चित मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 मार्च 2026 को सलखुआ थाना क्षेत्र में एक युवती का शव बरामद होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए 9 मार्च 2026 को सलखुआ थाना कांड संख्या 40/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरी बख्तियारपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, आसूचना संकलन और लगातार छापेमारी के आधार पर 15 मार्च 2026 को आरोपी भूपन यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही और स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त संभावित हथियार, एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया है। बरामद हथियार को जब्त कर बैलिस्टिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हत्या का कारण आरोपी और मृतिका के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर उत्पन्न विवाद था। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूपन यादव, पिता फतिनग यादव, निवासी कोपरिया वार्ड नंबर 03, थाना सलखुआ, जिला सहरसा के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार ठाकुर, पुलिस निरीक्षक सुजाउद्दीन, थानाध्यक्ष संजना कुमारी सहित सलखुआ थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 Comments