Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

पंचायत चुनाव 2026 : आरक्षण रोस्टर की प्रक्रिया अंतिम चरण में, कई क्षेत्र इस बार हो सकते हैं अनारक्षित


सहरसा। पंचायत आम निर्वाचन 2026 को लेकर जिले में आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वार्ड से लेकर जिला परिषद क्षेत्र तक अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की जनसंख्या का निर्धारण कर आरक्षण रोस्टर तैयार किया गया है। इस बार पूर्व से आरक्षित कई निर्वाचन क्षेत्रों के अनारक्षित होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में भी बदलाव की चर्चा शुरू हो गई है।

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वर्ष 2011 की जनगणना को आधार बनाकर पंचायत स्तर पर आरक्षण रोस्टर तैयार किया गया है। इसका प्रारूप 4 मई को प्रकाशित कर संबंधित पंचायत सरकार भवन, प्रखंड कार्यालय एवं अनुमंडल कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया गया था। इसके बाद आम लोगों को 18 मई तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया।


दावा-आपत्ति की अवधि के दौरान जनसंख्या संबंधी तथ्यों एवं अन्य मामलों को लेकर कई लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। आयोग के निर्देश के अनुसार 22 मई तक इन आपत्तियों का निष्पादन भी कर दिया गया। हालांकि, जिन लोगों को निष्पादन से संतुष्टि नहीं है, वे संबंधित पदाधिकारी के समक्ष अपील दायर कर रहे हैं। आयोग के निर्देश के मुताबिक आदेश पारित होने की तिथि से तीन दिनों के भीतर अपील दायर की जा सकती है तथा उसका निष्पादन सात दिनों के अंदर किया जाएगा।

15 जून को अंतिम प्रकाशन, 20 जून को जिला गजट जारी

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 15 जून को प्रपत्र-1 का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 20 जून को जिला गजट प्रकाशित होगा तथा 23 जून को इसकी प्रति राज्य निर्वाचन आयोग को उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों के अनुसार प्रपत्र-1 के अंतिम प्रकाशन के बाद वार्ड सदस्य, पंचायत समिति, मुखिया, सरपंच एवं जिला परिषद क्षेत्रों का आरक्षण रोस्टर तैयार करने में सहूलियत होगी। यही कारण है कि प्रपत्र-1 को पूरी प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।


जिले में 135 पंचायतों में होगा चुनाव

जिले के 10 प्रखंडों की 135 पंचायतों में मुखिया और सरपंच पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इसके साथ ही 184 पंचायत समिति सदस्य एवं 21 जिला परिषद सदस्य पदों के लिए भी मतदान होगा। सभी पंचायतों में वार्ड सदस्य और पंच पद का चुनाव भी संपन्न कराया जाएगा।

कहरा प्रखंड में 9 पंचायत, 12 पंचायत समिति क्षेत्र एवं 2 जिला परिषद क्षेत्र हैं। सौर बाजार में 15 पंचायत, 21 समिति क्षेत्र एवं 2 जिला परिषद क्षेत्र शामिल हैं। नवहट्टा में 12 पंचायत, 17 समिति क्षेत्र और 2 जिला परिषद क्षेत्र हैं। सोनवर्षा में 19 पंचायत, 25 समिति क्षेत्र एवं 3 जिला परिषद क्षेत्र निर्धारित हैं। सिमरी बख्तियारपुर में 20 पंचायत, 27 समिति क्षेत्र और 3 जिला परिषद क्षेत्र हैं।

इसी तरह महिषी में 19 पंचायत, 25 समिति क्षेत्र एवं 2 जिला परिषद क्षेत्र, सलखुआ में 11 पंचायत, 16 समिति क्षेत्र एवं 2 जिला परिषद क्षेत्र, बनमाईटहरी में 7 पंचायत, 10 समिति क्षेत्र एवं 1 जिला परिषद क्षेत्र, सत्तरकटैया में 12 पंचायत, 16 समिति क्षेत्र एवं 2 जिला परिषद क्षेत्र तथा पतरघट में 12 पंचायत, 17 समिति क्षेत्र एवं 2 जिला परिषद क्षेत्र शामिल हैं।

जिला परिषद क्षेत्रों की जनसंख्या का आंकड़ा जारी

प्रपत्र-1 में प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार जिले के 21 जिला परिषद क्षेत्रों की कुल जनसंख्या 15 लाख 32 हजार 448 निर्धारित की गई है। इसमें अनुसूचित जाति की आबादी 2 लाख 75 हजार 729 तथा अनुसूचित जनजाति की आबादी 5 हजार 142 बताई गई है।

जारी आंकड़ों में कई क्षेत्रों में अनुसूचित जाति की आबादी अधिक पाई गई है, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में अनुसूचित जनजाति की संख्या बेहद कम है। महिषी जिला परिषद क्षेत्र संख्या 8 एवं 9 में अनुसूचित जाति की आबादी सबसे अधिक दर्ज की गई है। वहीं सत्तरकटैया क्षेत्र संख्या 6 तथा सोनवर्षा क्षेत्र संख्या 14 में अनुसूचित जनजाति की संख्या अपेाकृत अधिक पाई गई है।

निर्वाचन प्रक्रिया के अगले चरण में अंतिम गजट प्रकाशन के बाद आरक्षण रोस्टर को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद पंचायत चुनाव की प्रशासनिक तैयारियां और तेज होने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments