Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : मिड-डे मील में लापरवाही पर बड़ा एक्शन: सहरसा में दो हेडमास्टर सस्पेंड, 12 पर FIR दर्ज



सहरसा जिले के सरकारी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना में बरती जा रही गंभीर लापरवाही पर शिक्षा विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। महिषी और सौर बाजार प्रखंड के दो विद्यालयों में मिड-डे मील खाने के बाद बच्चों के बीमार पड़ने की घटनाओं ने विभाग को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचन्द्र ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो प्रधानाध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि प्रभारी एचएम, शिक्षकों, रसोइयों और एनजीओ संचालक समेत 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विभाग की इस कार्रवाई से शिक्षा महकमे और मिड-डे मील संचालन से जुड़े संस्थानों में हड़कंप मच गया है।

पहला मामला महिषी प्रखंड के मध्य विद्यालय बलुआहा का है, जहां 7 मई 2026 को मिड-डे मील खाने के बाद कई बच्चे बीमार पड़ गए थे। आरोप है कि भोजन में सांप का बच्चा मिला था। घटना के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा कराई गई जांच में विद्यालय प्रबंधन की भारी लापरवाही सामने आई। जांच के दौरान पाया गया कि स्कूल के रसोईघर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब थी। नौ रसोइयों की तैनाती के बावजूद दाल को बाल्टी में भरकर रसोईघर के बाहर खुले में रखा गया था। बच्चों को भोजन परोसने से पहले टेस्टिंग की अनिवार्य प्रक्रिया का पालन भी नहीं किया गया और टेस्टिंग रजिस्टर तक उपलब्ध नहीं मिला।

इन अनियमितताओं और विभागीय आदेशों की अवहेलना को गंभीर मानते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक विकास कुमार को निलंबित कर दिया गया। घटना के दिन प्रधानाध्यापक अवकाश पर थे, इसलिए भोजन वितरण की जिम्मेदारी प्रभारी प्रधानाध्यापिका पर थी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अपने आदेश में कहा है कि केंद्रीकृत रसोईघर में हाई प्रेशर बॉयलर के जरिए भोजन तैयार किया जाता है, ऐसे में वहां से सांप का साबुत भोजन में पहुंचना संभव प्रतीत नहीं होता। विभाग को आशंका है कि विद्यालय स्तर पर ही भोजन दूषित हुआ।

इस मामले में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के आवेदन पर महिषी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिन लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है उनमें प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनुपमा कुमारी, सहायक शिक्षक कृष्णवल्लभ साह, रसोइया महेशवर दास के अलावा महिला रसोईया-सह-सहायकों में कैली देवी, शांति देवी, सबिता देवी, रीना देवी, कलिया देवी, ज्ञानी साह, अनीता देवी और शमा देवी शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीकृत रसोईघर संचालित करने वाली संस्था डॉ. भीमराव अम्बेडकर दलित उत्थान एवं शिक्षा समिति के संचालक अनूप मिश्रा को भी नामजद किया गया है।

दूसरी घटना 8 मई 2026 को सौर बाजार प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय मोर्चा में सामने आई, जहां मिड-डे मील खाने के बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। हालांकि इलाज के बाद सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई गई और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। लेकिन इस मामले में जांच के दौरान स्कूल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही और साक्ष्य मिटाने की कोशिश सामने आई।

बताया गया कि जब जिला शिक्षा पदाधिकारी और फूड इंस्पेक्टर की टीम भोजन का नमूना लेने विद्यालय पहुंची तो उससे पहले ही बचा हुआ सारा भोजन फेंक दिया गया था। विभाग ने इसे साक्ष्य मिटाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की गंभीर कोशिश माना। इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुमार सत्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं नियोजित शिक्षक असीम कुमार के खिलाफ भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित नियोजन इकाई को निर्देश जारी किया गया है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचन्द्र ने स्पष्ट कहा है कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने साफ संकेत दिया है कि मिड-डे मील योजना में गड़बड़ी, साफ-सफाई में लापरवाही, भोजन की गुणवत्ता से समझौता और साक्ष्य छिपाने की कोशिश करने वालों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments