Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा स्टेडियम में 18 से 20 मई तक होगा 41वां जिला एथलेटिक्स मीट

सहरसा में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से 18 से 20 मई तक सहरसा स्टेडियम में 41वें जिला एथलेटिक्स मीट का आयोजन किया जाएगा. इसकी जानकारी जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रोशन सिंह धोनी ने दी. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20, अंडर-23 एवं ओपन आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले सकेंगे. प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों का निबंधन कराना अनिवार्य होगा, जिसकी अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गयी है. निबंधन शुल्क मात्र 20 रुपये प्रति खिलाड़ी रखा गया है.

उन्होंने बताया कि खिलाड़ी किसी एक आयु वर्ग में अधिकतम दो विधाओं में भाग ले सकते हैं. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा तथा उन्हें विशेष प्रशिक्षण देकर जून माह में पटना में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा.

निबंधन फॉर्म जिला खेल कार्यालय स्टेडियम एवं साईं स्पोर्ट्स सुपर मार्केट से प्राप्त किये जा सकते हैं. निर्धारित समय सीमा के भीतर वहीं फॉर्म जमा भी किये जा सकेंगे.

जिला एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सैयद शमी अहमद ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय, महाविद्यालय एवं विद्यालय-महाविद्यालय से बाहर के छात्र-छात्राएं भी भाग ले सकते हैं. वहीं जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष आर के सिंह ने कहा कि वे सहरसा में खेल एवं चिकित्सा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और आने वाले समय में खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा.

रोशन सिंह धोनी ने बताया कि प्रतियोगिता में 60 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर एवं 3000 मीटर दौड़ के अलावा ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक एवं भाला फेंक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा.

Post a Comment

0 Comments