सहरसा जिले के बलवाहाट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार की शाम की। मामले की जानकारी रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने दी।
उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम बलवाहाट थाना में पदस्थापित दरोगा संदीप कुमार राम संध्या गश्ती पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि महम्मदपुर चौक के समीप स्थित एक किराना जनरल स्टोर संचालक ने अपनी दुकान की गुमटी में अवैध हथियार छिपाकर रखा है और वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दुकान में मौजूद युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दुकान में रखे फ्रिज के नीचे से एक लोहे का लोडेड कट्टा बरामद किया गया। कट्टे को अनलोड करने पर उसमें से एक जिंदा कारतूस भी मिला।
एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान बलवाहाट थाना क्षेत्र के महम्मदपुर निवासी उमेश यादव के पुत्र संतोष कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को सहरसा न्यायालय भेज दिया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
प्रेस वार्ता के दौरान बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
0 Comments