सहरसा। महिषी विधायक Dr. गौतम कृष्ण ने सत्तरकटैया प्रखंड में आयोजित जनता दरबार के दौरान प्राप्त आवेदनों और शिकायतों को जिलाधिकारी को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने कहा कि जनता से मिली समस्याओं और निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं की जानकारी डीएम को विस्तार से दी गई है। जिलाधिकारी ने मामलों के निष्पादन और जरूरी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
“आपका विधायक आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत लगा जनता दरबार
विधायक Dr. गौतम कृष्ण ने बताया कि “आपका विधायक आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत प्रखंड कार्यालय के सामने स्थित काली मैदान चबूतरा पर जनता दरबार का आयोजन किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं और लिखित आवेदन सौंपे।
सरकारी कार्यालयों का किया निरीक्षण
जनता दरबार समाप्त होने के बाद विधायक ने प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय, मनरेगा कार्यालय और आरटीपीएस कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कमियां सामने आईं।
अधिकारी मिले अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान बीडीओ, सीओ और पीओ के अनुपस्थित रहने की बात सामने आई। विधायक ने कार्यालयों की उपस्थिति पंजी की भी जांच की, जिसमें कुछ कर्मियों की उपस्थिति खाली पाई गई।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : विधायक
विधायक Dr. गौतम कृष्ण ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए और सरकारी कर्मियों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभानी चाहिए।
0 Comments