Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : बांस के सहारे दौड़ रही बिजली, हादसे के डर में जी रहे ग्रामीण



सहरसा जिले के सोनवर्षा प्रखंड अंतर्गत पड़रिया पंचायत के फतेहपुर वार्ड नंबर 04 में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही ग्रामीणों के लिए खतरे का कारण बनी हुई है। गांव में आज भी कई स्थानों पर पक्के बिजली पोल की जगह बांस के सहारे बिजली के तार टांगे गए हैं। हालत यह है कि लोग हर दिन हादसे के डर के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों में विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि फतेहपुर मध्य विद्यालय और शिव मंदिर जाने वाले मुख्य रास्ते पर वर्षों से पक्का बिजली पोल नहीं लगाया गया है। अस्थायी रूप से लगाए गए बांस के खंभों के सहारे बिजली के तार लटक रहे हैं, जो कभी भी टूटकर गिर सकते हैं। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि इसी रास्ते से प्रतिदिन स्कूल और आंगनवाड़ी के छोटे-छोटे बच्चे गुजरते हैं। इसके अलावा गांव के पशु भी इसी मार्ग से आते-जाते हैं। ऐसे में आंधी, बारिश या तेज हवा चलने पर बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि कुछ सप्ताह पहले बरेठ पंचायत के तमकुल्हा गांव में बिजली शॉर्ट सर्किट से 25 परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था। इसके बावजूद बिजली विभाग अब तक कोई सबक लेने को तैयार नहीं दिख रहा है। लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण गांव के लोग लगातार जोखिम भरी जिंदगी जी रहे हैं।

वार्ड नंबर 04 निवासी भुषण सिंह, सुधीर यादव, आशिष यादव, विभाष यादव, पिंटू यादव, छोटू यादव, राजू यादव, महिंद्र शर्मा, जगदीश शर्मा, उमेश यादव और अमित यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग को आवेदन और मौखिक सूचना दी जा चुकी है, लेकिन हर बार मामले को नजरअंदाज कर दिया जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान को लेकर जब मोड़ा एक्सक्यूटिव से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं सिमरी बख्तियारपुर के सहायक अभियंता ने कहा कि इसकी सूचना जिला एसडीओ को दी जाए। बाद में जिला एसडीओ ने बताया कि मोड़ा पावर ग्रिड को सूचना दी जा रही है और जांच कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से अविलंब पक्के बिजली पोल लगाने तथा जर्जर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Post a Comment

0 Comments