सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर से एक राहत भरी खबर सामने आई है। रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए 14 वर्षीय किशोर को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। बेटे के मिलने की खबर सुनते ही परिवार में खुशी लौट आई और स्वजनों ने राहत की सांस ली।
मिली जानकारी के अनुसार बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के माखन टोला वार्ड संख्या 22 निवासी श्रवण कुमार का 14 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार उर्फ गगन कुमार बीते बुधवार को घर से खेलने के लिए निकला था। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला तो स्वजनों ने बख्तियारपुर थाना पहुंचकर बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और किशोर की तलाश शुरू कर दी गई। लगातार छानबीन और खोजबीन के दौरान शनिवार को पुलिस ने सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के समीप से सुजीत कुमार को सुरक्षित बरामद कर लिया।
बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि पुलिस की सक्रियता और लगातार किए गए प्रयासों के कारण लापता किशोर को सकुशल खोज लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बीते तीन दिनों से बेटे की चिंता में डूबे परिवार के लोगों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। बेटे के घर लौटते ही परिवार में खुशी का माहौल बन गया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की है।
फिलहाल किशोर पूरी तरह सुरक्षित है और उसके घर लौटने से पूरे इलाके में राहत और खुशी का माहौल है।

0 Comments