Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : कोसी की उपधारा में डूबीं दो किशोरियां, एक की मौत; दूसरी की तलाश जारी



नवहट्टा प्रखंड के कोसी पूर्वी तटबंध के अंदर रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. खेत से तरबूज खरीदकर घर लौट रही दो किशोरियां कोसी नदी की उपधारा में डूब गईं, जिसमें एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी की तलाश देर शाम तक जारी रही. दिनदहाड़े हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई.

मिली जानकारी के अनुसार नवहट्टा नगर पंचायत वार्ड संख्या-8 निवासी मो. नौशाद और मो. सदरे की 15 वर्षीय बेटियां रविवार को तटबंध के अंदर खेतों की ओर तरबूज खरीदने गई थीं. दोनों किशोरियां तरबूज लेकर पैदल वापस लौट रही थीं. इसी दौरान तटबंध किनारे बह रही कोसी नदी की उपधारा को पार करने के क्रम में उनका पैर फिसल गया या गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दोनों अचानक गहरे पानी में चली गईं. देखते ही देखते तेज बहाव ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया और वे डूबने लगीं.



घाट किनारे मौजूद लोगों ने जब बच्चियों को पानी में डूबते देखा तो शोर मचाया. आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण, स्थानीय तैराक और गोताखोर मौके पर पहुंचे और नदी में उतरकर खोजबीन शुरू कर दी. काफी मशक्कत के बाद एक बच्ची का शव पानी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरी बच्ची का समाचार लिखे जाने तक कोई पता नहीं चल पाया था. स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण लगातार नदी में लापता बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं.

घटना की खबर फैलते ही नगर पंचायत सहित पूरे इलाके में मातम पसर गया. मृत बच्ची के घर पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण लगातार पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में लगे हैं. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है.

Post a Comment

0 Comments