सोनवर्षाराज। बसनही थाना क्षेत्र के देवहट महादलित टोला वार्ड संख्या दो में शनिवार की रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक द्वारा फंदे से लटककर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान देवहट गांव निवासी केशो सादा के 25 वर्षीय पुत्र सरबीन सादा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार घटना का पता रविवार सुबह चला, जब परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे। वहां सरबीन सादा को फंदे से लटका हुआ देखकर परिजनों के होश उड़ गए। देखते ही देखते घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया है।
परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात किसी बात को लेकर सरबीन सादा और उसकी पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। धीरे-धीरे विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसकी पत्नी अपनी सास के साथ दूसरे कमरे में जाकर सो गई, जबकि सरबीन अलग कमरे में चला गया। रविवार सुबह जब परिजन उसके कमरे में पहुंचे तो वह फंदे से झूलता मिला।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र, एक पुत्री और माता-पिता को छोड़ गया है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आनन-फानन में परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
0 Comments