Katihar से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां बरारी प्रखंड अंतर्गत आश्रम टोला बारी नगर के दो मजदूर रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। जानकारी के अनुसार त्रिलोकी मेहता और शिव शंकर महतो 1 मई से Sikkim में लापता हैं। दोनों मजदूर मेसर्स Nalanda Engicon Private Limited कंपनी के तहत सिक्किम साइट पर कार्यरत थे। उनके अचानक गायब होने की खबर मिलते ही परिजनों में भय और चिंता का माहौल व्याप्त हो गया है।
लापता मजदूरों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्रिलोकी मेहता की पत्नी और बच्चे लगातार उनके सुरक्षित लौटने की दुआ कर रहे हैं, वहीं शिव शंकर महतो के चार मासूम बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्यों के गायब होने से घरों में मातम पसरा हुआ है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस नेता एवं बरारी विधानसभा प्रत्याशी Tauquir Alam आश्रम टोला पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए भरोसा दिलाया कि दोनों मजदूरों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
तौकीर आलम ने कहा कि वे सिक्किम के संबंधित जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस से संपर्क कर मजदूरों की खोजबीन में तेजी लाने का आग्रह करेंगे। साथ ही उन्होंने कटिहार जिला प्रशासन से भी मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने और पीड़ित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
इधर, परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द दोनों मजदूरों का पता लगाने की गुहार लगाई है। इलाके में इस घटना को लेकर लोगों के बीच भी चिंता का माहौल बना हुआ है।
0 Comments