Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

वीरपुर (Birpur) में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10.5 किलो गांजा बरामद, महिला गिरफ्तार



वीरपुर (Birpur)। थाना क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वीरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रात्रि गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बसंतपुर वार्ड संख्या-01 के खोंटाहा गांव में छापेमारी कर एक घर से 10.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार महिला की पहचान खोंटाहा निवासी कामेश्वर यादव की पत्नी फूलों देवी (Phoolo Devi) के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नव पदस्थापित थानाध्यक्ष संजय दास (Sanjay Das) ने बताया कि पुलिस टीम नियमित रात्रि गश्ती पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि खोंटाहा गांव स्थित एक घर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद सब-इंस्पेक्टर पीसी पासवान एवं महिला सशस्त्र बल की टीम के साथ छापेमारी की गई।

तलाशी के दौरान घर से एक संदिग्ध बैग बरामद हुआ। जब बैग की जांच की गई तो उसमें गांजा पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर घर में मौजूद महिला को हिरासत में ले लिया। थाना लाकर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर गांजा की कुल मात्रा 10.5 किलोग्राम पाई गई।

थानाध्यक्ष संजय दास (Sanjay Das) ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शराब, स्मैक, गांजा तथा अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस की पहल का स्वागत किया है।

Post a Comment

0 Comments