मधेपुरा जिले के मुरलीगंज मुख्य मार्ग पर मंगलवार को मोरकाही गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरलीगंज पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निखिल रंजन ने सभी का प्राथमिक उपचार किया।
घायलों की पहचान ईटहरी निवासी 35 वर्षीय मिथुन कुमार, 20 वर्षीय प्रभात कुमार पासवान, 30 वर्षीय बेबी देवी और 30 वर्षीय आशा देवी के रूप में हुई है।
डॉक्टर के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति गंभीर थी। प्रभात कुमार पासवान और बेबी देवी को सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं, जबकि मिथुन कुमार और आशा देवी भी गंभीर रूप से घायल थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश, मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही मिथुन कुमार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद परिजनों में गहरा शोक और कोहराम मच गया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
0 Comments