सहरसा से बड़ी खबर सामने आई है।
भारतीय मजदूर संघ बिहार प्रदेश के आह्वान पर सहरसा जिला इकाई की ओर से गुरुवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं ने श्रमिकों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर जिलाधिकारी को 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में कृषि श्रमिक, गीग व प्लेटफॉर्म श्रमिक, घरेलू कामगार सहित असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
संगठन ने ठेका, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के शोषण को खत्म करने के लिए कानून में बदलाव और ठेका श्रमिक सुरक्षा कल्याण बोर्ड के पुनर्गठन की मांग भी रखी।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता और मध्यान्ह भोजन रसोइया सहित अन्य कर्मियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, 18 हजार रुपये वेतन और सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की मांग उठाई गई।
मजदूर संघ ने बैंकों में पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू करने, सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और अष्टम वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द लागू करने की भी मांग की।
वहीं ग्रामीण डाक सेवकों को पेंशन सुविधा देने, ईपीएस-95 के तहत न्यूनतम पेंशन बढ़ाने, निर्माण श्रमिकों के लिए रोजगार सुनिश्चित करने और श्रम संसाधन विभाग के पोर्टल को सुचारू रूप से चलाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
धरना प्रदर्शन के बाद संघ के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए सरकार से श्रमिकों के हित में जल्द कार्रवाई की मांग की।

0 Comments