राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जिला परिवहन कार्यालय ने विशेष अभियान चलाया। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश एवं जिला पदाधिकारी सहरसा श्री दीपेश कुमार के निर्देश के आलोक में यह अभियान राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 106, 107 एवं 327E, वैद्यनाथपुर रोड तथा गंडौल-बिरौल सड़क पर बलुआहा पुल के समीप चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों और अन्य वाहनों की जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन करने वाले **18 ट्रकों का चालान काटते हुए कार्रवाई** की गई। वाहन चालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे अपने वाहनों को केवल अधिकृत पार्किंग स्थल, ले-बाई (Lay-by), वे-साइड एमेनिटीज (Wayside Amenities), पेट्रोल पंप, धर्मकांटा या निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा करें।
जिला प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इसी को देखते हुए अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जरूरत पड़ने पर लंबे समय से सड़क किनारे खड़े वाहनों को जब्त कर संबंधित थाना में जमा कराया जाएगा।
विशेष जांच अभियान के दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के ऑटो रिक्शा और अन्य वाहन चलाने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई। ऐसे वाहन चालकों से मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा हेलमेट, सीट बेल्ट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र (PUC), वाहन बीमा, निबंधन प्रमाण-पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। नियमों का पालन नहीं करने वाले बाइक और चारपहिया वाहन चालकों पर भी अर्थदंड लगाया गया।
अभियान के दौरान गिट्टी, छड़, सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री से जुड़े व्यवसायियों को भी निर्देश दिया गया कि वे अपने ट्रकों और भारी वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग या सड़क किनारे खड़ा नहीं करें। ऐसे वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित और अधिकृत स्थानों पर ही की जाए।
जिला परिवहन पदाधिकारी श्री सुजीत बरनवाल ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग से दुर्घटना की संभावना बढ़ती है और आम लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने सभी भारी वाहन चालकों से अपने वाहनों को केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने की अपील की।
इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री सुजीत बरनवाल, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी श्री जीशान अहमद, मोटरयान निरीक्षक और सभी प्रवर्तन अवर निरीक्षक सक्रिय रूप से शामिल रहे।
जिला परिवहन कार्यालय ने बताया कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
0 Comments