सहरसा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिला दंडाधिकारी दीपेश कुमार ने कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को 22 जून तक स्थगित करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश 19 जून से प्रभावी होगा और जिले के सभी शिक्षण संस्थानों पर लागू रहेगा।
प्रशासन के आदेश के अनुसार प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों में भी कक्षा 8 तक की पढ़ाई 22 जून तक बंद रहेगी। जिला प्रशासन ने कहा है कि लगातार बढ़ती गर्मी और लू जैसी स्थिति को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह निर्णय लिया गया है।
वहीं कक्षा 8 से ऊपर की कक्षाओं को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। इन कक्षाओं का संचालन सुबह 11 बजे तक ही किया जा सकेगा। प्रशासन का कहना है कि दोपहर के समय अत्यधिक गर्मी के कारण छात्रों के बीमार पड़ने की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है।
जिला दंडाधिकारी दीपेश कुमार ने सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही स्कूल प्रबंधन, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संचालकों को भी नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। गर्मी के मौजूदा हालात को देखते हुए अभिभावकों ने भी जिला प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है।

0 Comments