Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : मौनी बाबा प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा एवं गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन 23 से 26 जून तक, तैयारियां पूरी



पतरघट : कहरा स्थित मौनी बाबा कुटी में 23 जून से 26 जून 2026 तक मौनी बाबा प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा एवं गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस चार दिवसीय धार्मिक आयोजन की सभी तैयारियां आयोजन समिति द्वारा पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल है।

आयोजन समिति के संयोजक सरोज मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 23 जून को प्रातः 6 बजे पूजा-अर्चना के साथ होगा। इसके बाद सुबह 7 बजे से भव्य कलश यात्रा एवं नगर भ्रमण निकाला जाएगा, जिसमें सैकड़ों महिलाएं भाग लेंगी। कलश यात्रा में 15 वर्ष से अधिक आयु की कन्याएं एवं सुहागन महिलाएं शामिल होंगी। सभी प्रतिभागी पीले, भगवा अथवा लाल रंग के वस्त्र धारण करेंगी।

उन्होंने बताया कि 24 जून को प्रातः 6 बजे से 11 बजे तक मौनी बाबा की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके उपरांत दोपहर 12:30 बजे से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था की जाएगी तथा अन्न प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

23 जून से 26 जून तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक गायत्री महायज्ञ अनुष्ठान आयोजित होगा। कार्यक्रम का समापन 26 जून को शाम 4 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा।

प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत धार्मिक एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से रुद्राक्ष, बेल, अंबाला एवं शमी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पौधों का वृक्षारोपण किया जाएगा। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी प्रस्तावित है।

आयोजन में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक, महापौर सहित कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।

आयोजन समिति ने कार्यक्रम के सफल संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से सहयोग का अनुरोध किया है। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए अग्निशमन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग से भी आवश्यक सहयोग की मांग की गई है। समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments