Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : पोखर में जमी काई हटाने और डेकोरेटिव लाइट लगाने का महापौर ने दिया आदेश


सहरसा नगर निगम की महापौर बैन प्रिया एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आईं। उन्होंने सहरसा नगर निगम के वार्ड संख्या-13 स्थित न्यू कॉलोनी में पोखर के सौंदर्यीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया तथा कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा और पोखरों की स्वच्छता व सौंदर्यीकरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने पोखर के बीचों-बीच जमी काई और गंदगी को जल्द हटाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि शहर के जलस्रोतों को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए पोखर परिसर में आकर्षक डेकोरेटिव लाइट लगाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि इसकी सुंदरता बढ़े और स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के क्रम में महापौर की नजर पोखर के पश्चिमी हिस्से में स्थित कुछ अस्पतालों पर भी गई, जहां से गंदा पानी सड़क पर बहाए जाने की शिकायत सामने आई। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा को मामले की जांच कर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

महापौर बैन प्रिया ने कहा कि नगर निगम पोखरों के संरक्षण, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के लिए लगातार काम कर रहा है। एनजीटी के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए जलस्रोतों को प्रदूषण मुक्त बनाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी इनका संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा सहित नगर निगम के कई पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। महापौर के इस निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद नगर निगम प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय नजर आया।

Post a Comment

0 Comments