सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)। सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के काठो पंचायत स्थित सिसौनी गांव के रहने वाले भारतीय रेल के वरिष्ठ अधिकारी मनोज सिंह को केंद्र सरकार ने रेलवे बोर्ड में सदस्य (संचालन एवं व्यवसाय विकास) के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी प्रदान कर दी है।
मनोज सिंह की इस उपलब्धि ने सिमरी बख्तियारपुर सहित पूरे कोसी क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही पैतृक गांव सिसौनी में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की।
वर्ष 1989 बैच के इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस (IRTS) अधिकारी मनोज सिंह वर्तमान में रेलवे बोर्ड में अतिरिक्त सदस्य (विपणन एवं व्यवसाय विकास) के पद पर कार्यरत थे। उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें पदोन्नति देते हुए रेलवे बोर्ड में सदस्य (संचालन एवं व्यवसाय विकास) की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक इस पद पर कार्यरत रहेंगे।
रेलवे बोर्ड में सदस्य (संचालन एवं व्यवसाय विकास) का पद भारतीय रेल के महत्वपूर्ण पदों में शामिल है। इस जिम्मेदारी के तहत मनोज सिंह रेल संचालन, यात्री सुविधाओं के विस्तार, माल परिवहन, राजस्व वृद्धि और व्यावसायिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की निगरानी करेंगे।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर भारतीय रेल के शीर्ष प्रबंधन तक पहुंचने वाले मनोज सिंह की सफलता को क्षेत्र के लोग युवाओं के लिए प्रेरणादायक बता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। सिसौनी गांव से निकली यह सफलता पूरे कोसी क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।

0 Comments