सहरसा के जिला स्कूल परीक्षा केंद्र से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र पर उस समय हड़कंप मच गया, जब निरीक्षण के दौरान बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कार्य में लगे एक कर्मी के बैग से स्मैक बरामद हुई।
बताया जा रहा है कि प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान करीब 11 बजकर 30 मिनट पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक जिला स्कूल परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे। अधिकारियों ने परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, कदाचार रोकने की तैयारियों और बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया का जायजा लिया।
इसी दौरान बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और वीडियोग्राफी कार्य में लगे कर्मियों के बैग की जांच की गई। जांच के क्रम में रोहित कुमार सिंह, पिता दीपक सिंह के बैग से स्मैक की तीन पुड़िया बरामद हुई।
स्मैक मिलने के बाद परीक्षा केंद्र परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर रोहित कुमार सिंह को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
इसके बाद सदर थाना पुलिस बल और एसआई सनोझ वर्मा की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर सदर थाना पहुंचाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments