Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा सदर थाना में डीआईजी का औचक निरीक्षण, तीन पुलिसकर्मी निलंबित; शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के दिए सख्त निर्देश



सहरसा।
कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) ने गुरुवार को सदर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में ड्यूटी के समय सादे लिबास में घूमते पाए गए एक सहायक अवर निरीक्षक (एसआई) और दो चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही थाना की कार्यप्रणाली, आम जनता के साथ व्यवहार और शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सदर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक अशोक कुमार आजाद, चौकीदार मो. अली खान तथा मनोज कुमार थाना परिसर में सादे कपड़ों में घूमते पाए गए। जब उनसे इस संबंध में पूछताछ की गई तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए डीआईजी ने तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना में आने वाले फरियादियों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने, उनकी शिकायतों का तत्काल समाधान करने तथा सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पूर्ण वर्दी में ड्यूटी करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितैषी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके बाद डीआईजी ने शहर की यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक तथा सदर थानाध्यक्ष के साथ विस्तृत चर्चा कर कचहरी ढाला, सुपर मार्केट बस स्टैंड, थाना चौक, शंकर चौक, चांदनी चौक, महावीर चौक, सुभाष चौक, गंगजला चौक, गांधी चौक, पंचवटी चौक, नया बाजार सहित शहर के विभिन्न प्रमुख एवं भीड़-भाड़ वाले चौराहों और यातायात पोस्टों की स्थिति का जायजा लिया गया।

बैठक में यातायात संचालन में आ रही कमियों की समीक्षा करते हुए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि बिहार पुलिस हस्तक नियम-34 के तहत सड़क पर अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीआईजी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शहर की सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

पुलिस विभाग ने अपने संदेश में कहा कि "बिहार पुलिस आपकी सेवा में सदैव तत्पर है।"

Post a Comment

0 Comments