Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

बिहार में ₹51,600 करोड़ के निवेश का करार, 10 बड़ी कंपनियों ने किया एमओयू; स्टील हब बनाने की तैयारी


स्टील, न्यूक्लियर एनर्जी, टेक्सटाइल और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में बड़े निवेश से रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार



पटना।
बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) की मौजूदगी में गुरुवार को राज्य सरकार ने देश की 10 प्रमुख कंपनियों (Top Companies) के साथ ₹51,600 करोड़ के निवेश के लिए एमओयू (Memorandum of Understanding - MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस निवेश से राज्य में स्टील, न्यूक्लियर एनर्जी, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार को देश का प्रमुख स्टील हब (Steel Hub) बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार बड़े उद्योगों की स्थापना और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है तथा निवेश प्रस्तावों को तेजी से धरातल पर उतारने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उनका कहना था कि बिहार में स्टील और मेटल आधारित उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं और इस क्षेत्र में नए निवेश से औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।



सरकार के साथ हुए समझौते के तहत श्याम स्टील मैन्युफैक्चरिंग लिमिटेड (Shyam Steel Manufacturing Limited) और शाकंभरी इस्पात एंड पावर लिमिटेड (Shakambhari Ispat & Power Limited) बिहार में ₹5,000-₹5,000 करोड़ का निवेश करेंगी। वहीं नक्षित आयरन एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड (Nakshit Iron & Steel Pvt. Ltd.) ₹6,836 करोड़, श्री लंगटा बाबा मेटल्स एंड पावर लिमिटेड (Shri Langta Baba Metals & Power Ltd.) ₹5,500 करोड़, अंकुर स्टील प्राइवेट लिमिटेड (Ankur Steel Pvt. Ltd.) ₹6,000 करोड़ और श्री समृद्धि स्टील प्राइवेट लिमिटेड (Shri Samriddhi Steel Pvt. Ltd.) ₹290 करोड़ का निवेश करेगी।

ऊर्जा क्षेत्र में ग्लोबल रिन्यूएबल एडवांस्ड क्लीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (Global Renewable Advanced Clean Energy Pvt. Ltd. - GRACE) बिहार में न्यूक्लियर एनर्जी (Nuclear Energy) सेक्टर में ₹22,500 करोड़ का निवेश करेगी। वहीं क्रिएटिव ग्रुप (Creative Group) टेक्सटाइल सेक्टर में ₹250 करोड़, भारत साइंस एंड इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड (Bharat Science & Innovation Pvt. Ltd.) ₹200 करोड़ तथा अनुभव एपरेल्स प्राइवेट लिमिटेड (Anubhav Apparels Pvt. Ltd.) टेक्सटाइल क्षेत्र में ₹50 करोड़ का निवेश करेगी।



मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्सटाइल सेक्टर (Textile Sector) बिहार में रोजगार सृजन की सबसे अधिक क्षमता रखने वाले क्षेत्रों में से एक है। इसलिए इस क्षेत्र में नई इकाइयों की स्थापना के लिए निवेशकों को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार क्लीन एनर्जी (Clean Energy), विशेष रूप से न्यूक्लियर ऊर्जा (Nuclear Energy) के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

सम्राट चौधरी ने फूड प्रोसेसिंग सेक्टर (Food Processing Sector) को भी बिहार के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान राज्य होने के कारण खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के विस्तार से किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही हेल्थकेयर और फार्मा सेक्टर (Healthcare & Pharma Sector) में भी निवेश आकर्षित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है।



इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिहार बिजनेस कनेक्ट 2026 (Bihar Business Connect 2026) की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी निवेशक सम्मेलन के माध्यम से राज्य के बाहर रहने वाले बिहारवासियों को भी निवेश और औद्योगिक विकास की इस मुहिम से जोड़ा जाएगा, ताकि वे अपनी कर्मभूमि के साथ-साथ अपनी जन्मभूमि के विकास में भी सक्रिय योगदान दे सकें।

Post a Comment

0 Comments