पंकज कुमार बने गृह विभाग के प्रधान सचिव, राजेश कुमार को पटना प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया
पटना। बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS Officers Transfer) के 17 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। सोमवार रात जारी अधिसूचना के अनुसार ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार को गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।
मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को परीक्षा नियंत्रक, बिहार राज्य संयुक्त परीक्षा पर्षद के साथ-साथ बिपार्ड के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव राजेश कुमार को पटना प्रमंडल (Patna Division) का नया आयुक्त बनाया गया है। वहीं पटना प्रमंडल के मौजूदा आयुक्त मयंक बरवड़े को निगरानी विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास को ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार को वित्त विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। वह नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे।
वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है। वह मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव की जिम्मेदारी भी पहले की तरह संभालते रहेंगे। स्थानांतरण के बाद नवीन कुमार को मद्य निषेध विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया जाएगा।
निर्वाचन विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल, जो शिक्षा विभाग के सचिव का संपूर्ण प्रभार संभाल रहे थे, अब समाज कल्याण विभाग के सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का सचिव बनाया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन को वित्त विभाग में सचिव, संसाधन की नई जिम्मेदारी दी गई है। जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह को लघु जल संसाधन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग के विशेष सचिव नवदीप शुक्ला को बिहार कौशल विकास मिशन का अपर कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई जिलों में भी नए जिलाधिकारी (New DM Posting Bihar) नियुक्त किए गए हैं। निदेशक खान मनेश कुमार मीणा को भोजपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय को बेगूसराय का डीएम नियुक्त किया गया है।
नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा को सिवान का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया को सीतामढ़ी का डीएम नियुक्त किया गया है।
बिहार राज्य भवन निर्माण निगम के निदेशक कुमार अनुराग को कैमूर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद भोजपुर, बेगूसराय, सीतामढ़ी, सिवान और कैमूर में नए जिलाधिकारी पदभार संभालेंगे। सरकार के इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को जिलों और विभागों में प्रशासनिक कार्यों को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
0 Comments