जमुई। बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के काफिले में रविवार को हादसा हो गया। जमुई जिला मुख्यालय स्थित परिसदन भवन के पास काफिले में शामिल दो गाड़ियां आपस में टकरा गईं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पटना से जमुई होते हुए झाझा जा रहे थे। झाझा में सरदार वल्लभभाई पटेल की नवनिर्मित प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उन्हें शामिल होना था। मंत्री के आगमन को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमुई में स्वागत की तैयारी की थी।
बताया जा रहा है कि कचहरी चौक के पास कार्यकर्ताओं की ओर से मंत्री के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान काफिले में चल रही दो गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि काफिले के साथ मौजूद लोगों ने तत्काल स्थिति संभाल ली।
हादसे में टकराने वाली गाड़ियों में से एक में जदयू जिलाध्यक्ष शैलेंद्र महतो के भी सवार होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, उन्हें या किसी अन्य व्यक्ति को चोट लगने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद संबंधित वाहनों की जांच की गई। स्थिति सामान्य होने के बाद मंत्री का काफिला आगे झाझा के लिए रवाना हो गया। हादसे के बावजूद मंत्री निशांत कुमार अपने निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आगे बढ़ गए।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। फिलहाल हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।
0 Comments