पर्यटन मंत्री के पुत्र समेत कई नेताओं से 50 लाख से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप, चार्जशीट की तैयारी शुरू
मुजफ्फरपुर। लॉरेंस बिश्नोई गैंग (Lawrence Bishnoi Gang) के नाम का इस्तेमाल कर बिहार के कई हाई-प्रोफाइल नेताओं से रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार कन्हाई सहनी (Kanhai Sahni) पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। फिलहाल पटना जेल में बंद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर लेने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए ब्रह्मपुरा थाना पुलिस (Brahmpura Police Station) ने अदालत में आवेदन दाखिल किया है।
पुलिस के अनुसार, कांटी थाना (Kanti Police Station) क्षेत्र के अर्रा गांव (Arra Village) निवासी कन्हाई सहनी पर बिहार के पर्यटन मंत्री (Tourism Minister) के पुत्र कृष्ण मुरारी (Krishna Murari) सहित कई प्रमुख राजनेताओं से 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की रंगदारी मांगने का आरोप है। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सदर थाना (Sadar Police Station), ब्रह्मपुरा थाना और साहेबगंज थाना (Sahebganj Police Station) की पुलिस उसके खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल करेगी।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के तार वृंदावन (Vrindavan) से भी जुड़े मिले हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि कन्हाई सहनी ने वृंदावन के एक होटल संचालक के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर फर्जी पहचान बनाई थी। इसी फर्जी आईडी के जरिए कथित तौर पर व्हाट्सएप संदेश और कॉल कर नेताओं से रंगदारी की मांग की गई।
पुलिस जांच में कन्हाई सहनी को इस पूरे मामले का मुख्य साजिशकर्ता (Mastermind) माना गया है। साथ ही उसके गांव के एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी भूमिका की जांच जारी है।
गौरतलब है कि कन्हाई सहनी को पटना के कंकड़बाग थाना (Kankarbagh Police Station) की पुलिस ने पूर्व विधायक से रंगदारी मांगने के एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने नेटवर्क और सहयोगियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, जिसके आधार पर मुजफ्फरपुर में दर्ज रंगदारी के मामलों की जांच आगे बढ़ी।
ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन कुमार रंजन (Vipin Kumar Ranjan) ने बताया कि आरोपी को न्यायिक रिमांड पर लेने के लिए अदालत में आवेदन दिया गया है। रिमांड मिलने के बाद उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस इस हाई-प्रोफाइल रंगदारी मामले (Extortion Case) की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुटी है।
0 Comments