पटना। राजधानी पटना की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल करीब 480 करोड़ रुपये की लागत आई है। इनमें मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर और मीठापुर से सिपारा तक एलिवेटेड पथ शामिल है।
पहली परियोजना मीठापुर बस स्टैंड को मीठापुर गोलंबर से नवनिर्मित करबिगहिया गोलंबर के रास्ते जोड़ने वाला फ्लाईओवर, पहुंच पथ और सेवा पथ है। इस परियोजना पर करीब 249 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके शुरू होने से मीठापुर, करबिगहिया और पटना जंक्शन रोड क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।
दूसरी ओर, मीठापुर-महुली-पुनपुन परियोजना के तहत मीठापुर से सिपारा तक करीब 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड पथ का भी उद्घाटन किया गया। इस परियोजना की लागत 231.23 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके चालू होने से मीठापुर-सिपारा मार्ग पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवनिर्मित फ्लाईओवर और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। उन्होंने पैदल और वाहन से परियोजनाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से सुविधाओं और आवागमन व्यवस्था की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करबिगहिया-मीठापुर फ्लाईओवर के शुरू होने से पटना जंक्शन आने-जाने वाले रेल यात्रियों को भी सुविधा होगी। साथ ही मीठापुर बस स्टैंड और आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। मीठापुर से महुली होते हुए पुनपुन की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर भी आसान होगा।
इन परियोजनाओं के शुरू होने से करबिगहिया, मीठापुर, स्टेशन रोड और सिपारा क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम होने की संभावना है। राजधानी की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में इन दोनों परियोजनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लोकार्पण समारोह में उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक श्याम रजक, विधायक अरुण मांझी, विधान पार्षद नवल किशोर यादव, विधान पार्षद रवीन्द्र प्रसाद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments