सहरसा। बिहार के कोसी और सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। राजधानी पटना से सहरसा और पूर्णिया के बीच रात्रिकालीन रेल सेवा की मांग को देखते हुए रेलवे ने पाटलिपुत्र से पूर्णिया कोर्ट के बीच नई स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 17 अगस्त से 16 सितंबर 2026 तक संचालित होगी। सप्ताह में पांच दिन चलने वाली इस ट्रेन के परिचालन को लेकर रेलवे की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
पाटलिपुत्र से पूर्णिया कोर्ट के बीच चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, रोसड़ा, खगड़िया, सहरसा और मधेपुरा के रास्ते चलेगी। ट्रेन के शुरू होने से सहरसा सहित कोसी और सीमांचल के यात्रियों को पटना से रात में यात्रा करने का बेहतर विकल्प मिलेगा।
रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, पाटलिपुत्र से पूर्णिया कोर्ट जाने वाली स्पेशल ट्रेन संख्या 03216 बुधवार और शनिवार को छोड़कर सप्ताह के अन्य सभी दिनों में रात 11 बजे पाटलिपुत्र स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 5:55 बजे सहरसा पहुंचेगी और करीब 8:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंच जाएगी।
वहीं, पूर्णिया कोर्ट से पाटलिपुत्र लौटने वाली स्पेशल ट्रेन संख्या 03215 गुरुवार और रविवार को छोड़कर अन्य दिनों में सुबह 9:10 बजे रवाना होगी। ट्रेन करीब 11 बजे सहरसा पहुंचेगी और शाम 5:45 बजे पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचेगी।
इस ट्रेन से पाटलिपुत्र से सहरसा के बीच की दूरी करीब 6 घंटे 55 मिनट में और पाटलिपुत्र से पूर्णिया कोर्ट तक का सफर करीब 9 घंटे 30 मिनट में पूरा होगा। रात में पटना से चलकर सुबह सहरसा और पूर्णिया पहुंचने के कारण यह ट्रेन खास तौर पर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
20 कोच की होगी ट्रेन
पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 4 अनारक्षित कोच, 10 स्लीपर कोच, 3 थर्ड एसी, एक टू एसी और दो एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। हालांकि यह ट्रेन आधुनिक एलएचबी कोच की जगह आईसीएफ कोच से संचालित होगी।
ट्रेन का मेंटेनेंस दानापुर कोचिंग डिपो में किया जाएगा। रेलवे के इस निर्णय से पाटलिपुत्र, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अगले एक महीने तक अतिरिक्त रेल सुविधा मिल सकेगी।
कोसी और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से पटना के लिए रात्रिकालीन ट्रेन की मांग रही है। ऐसे में पाटलिपुत्र से पूर्णिया कोर्ट के बीच इस स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू होने से इस रेल मार्ग के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

0 Comments