सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार हाईवा ट्रक की टक्कर से 22 साल के एक मजदूर की जान चली गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का पैर और कमर बुरी तरह कुचल गया। इलाज के दौरान सहरसा सदर अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे एसडीपीओ कार्यालय सह डीएसपी आवास के पास नहर के समीप की है। मृतक की पहचान पहाड़पुर बाजार के शाह टोला वार्ड नंबर-2 निवासी योगेंद्र साह के छोटे बेटे सदानंद कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सदानंद अपनी पल्सर बाइक से सिमरी बख्तियारपुर बाजार घरेलू काम और मजदूरी का बकाया पैसा लेने आए थे। काम निपटाकर जब वह घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित हाईवा ट्रक ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में सदानंद को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद ज्यादा खून बहने और हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सदानंद परिवार में सबसे छोटे थे और मजदूरी करके घर का खर्च चलाते थे। उनके पीछे पत्नी अनीता देवी और करीब चार साल की एक बेटी है। परिवार के कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार अस्पताल पहुंचे और परिजनों की मदद की। पुलिस ने हादसे में शामिल हाईवा ट्रक को जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।
0 Comments