Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

मधेपुरा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर से दो युवकों की मौत, दो गंभीर

मधेपुरा: भर्राही थाना क्षेत्र के मधुबन चौक के समीप रविवार शाम एनएच पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर और दो बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, चारों युवक दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान मधुबन चौक के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद भर्राही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सहरसा जिले के पतरघट थाना क्षेत्र के धबौली निवासी संतोष कुमार के 25 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

वहीं, सौरबाजार थाना क्षेत्र के चौडंडा वार्ड-1 निवासी दीपनारायण मंडल के 18 वर्षीय पुत्र बुधन कुमार की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में घायल दो अन्य युवकों का इलाज जारी है।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक के साथ-साथ ट्रैक्टर की पहचान करने में जुटी है।

इधर, सौरभ कुमार की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों के साथ फरार ट्रैक्टर चालक का पता लगाने में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments