Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

SAHARSA NEWS : सहरसा के एसएनएसआरकेएस कॉलेज में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत शपथ ग्रहण समारोह

सहरसा। सर्व नारायण सिंह राम कुमार सिंह (एस.एन.एस.आर.के.एस.) महाविद्यालय, सहरसा में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की एनसीसी और एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में जागरूकता एवं संकल्प यात्रा से हुई। हाथों में ‘नशा मुक्त भारत’ का संदेश लिए विद्यार्थियों और कैडेट्स ने नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होकर लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनंत कुमार सिंह ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। नशा सिर्फ व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवक जागरूकता अभियान के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

वहीं, एनसीसी सीटीओ डॉ. गोपाल कुमार ने कहा कि अनुशासन युवाओं को गलत रास्ते से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स कॉलेज परिसर के साथ-साथ अपने गांव, मोहल्ले और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाएंगे।

एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. आर्य सिंधु ने कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने एनसीसी और एनएसएस के संयुक्त प्रयास को सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कैडेट्स ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने भी नशे के दुष्परिणामों को लेकर अपने विचार रखे। कैडेट उज्जवल कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार को भी सामाजिक और आर्थिक संकट में डाल देता है।

कैडेट आशीर्वाद कुमार सिंह ने नशे को मानसिक और शारीरिक गुलामी बताते हुए युवाओं से इससे दूर रहने की अपील की। वहीं कैडेट अमरजीत कुमार ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना युवाओं की जिम्मेदारी है।

कैडेट शुभम कुमार सिंह ने युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और राष्ट्र निर्माण में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं को विकास की राह से भटका देता है।

‘नशा छोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारों से गूंजा परिसर

कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने ‘नशा मुक्त भारत’ के बैनर के सामने हाथ उठाकर नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ ली।

इस दौरान ‘नशा छोड़ो, भारत जोड़ो’ और ‘स्वस्थ युवा, विकसित भारत’ जैसे नारों से महाविद्यालय परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






Post a Comment

0 Comments