सहरसा। नगर निगम सभागार में महापौर बैन प्रिया की अध्यक्षता में साधारण बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सहरसा के विधायक इन्द्रजीत प्रसाद गुप्ता और महिषी के विधायक गौतम कृष्णा, उप-महापौर उमर हयात, नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा तथा सभी वार्ड पार्षदों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने किया।
ROB निर्माण से चरमराई जल निकासी व्यवस्था, महापौर ने दिए निर्देश
अध्यक्षीय संबोधन में महापौर बैन प्रिया ने शहर में जल-जमाव की समस्या पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शहर में निर्माणाधीन ROB (रेलवे ओवर ब्रिज) तथा अन्य बड़े निर्माण कार्यों की वजह से जल निकासी व्यवस्था ठप पड़ गई है और कई जगह नाले टूट गए हैं। उन्होंने नगर आयुक्त को ऐसे सभी स्थानों को चिह्नित कर तुरंत अस्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त महापौर ने मानव-बल के बेहतर उपयोग और नई लाइटों के रखरखाव (मेंटेनेंस) में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। निर्माण योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और नए जुड़े वार्डों के तेजी से विकास पर जोर दिया।सफाईकर्मियों द्वारा दबाव बनाने की नीयत से की जाने वाली हड़ताल की साजिशों पर कड़ा ऐतराज जताया।
नगर निगम के विकास के लिए विधायक संकल्पित
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक इन्द्रजीत प्रसाद गुप्ता एवं गौतम कृष्णा ने कहा कि वे नगर निगम के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जहाँ भी विकास कार्यों में कोई समस्या आएगी, उसकी सूचना मिलने पर तत्काल समाधान कराया जाएगा।
निगम की छवि धूमिल करने वालों की निंदा
उप-महापौर उमर हयात ने विभिन्न सोशल मीडिया मंचों और समाचार-पत्रों के माध्यम से नगर निगम की छवि को लगातार धूमिल करने के प्रयासों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने क्षेत्र की कई प्रमुख समस्याओं को बोर्ड के समक्ष रखा, जिस पर महापौर ने नगर आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव दिया।
जनहित की योजनाओं को सर्वसम्मति से मंजूरी
बैठक में विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विचार-विमर्श के बाद आम जनता के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में सशक्त स्थायी समिति के सभी सदस्य, निगम पार्षद सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 Comments