Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa : सहरसा में 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' के तहत भव्य सोलर मेला, हजारों उपभोक्ताओं ने ली योजना की जानकारी



प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी "पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना" के व्यापक प्रचार-प्रसार और लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन, सहरसा में विद्युत विभाग द्वारा भव्य सोलर मेला आयोजित किया गया। इस मेले में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्यमी, छात्र-छात्राएं, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य तथा इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह योजना हर पात्र परिवार को स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाने और अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने की अपील की।

बिजली बिल में होगी बड़ी बचत

कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत उपभोक्ता अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर स्वयं बिजली उत्पादन कर सकते हैं। इससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी। यदि आवश्यकता से अधिक बिजली का उत्पादन होता है तो उसे ग्रिड में भेजकर अतिरिक्त आय भी अर्जित की जा सकती है।

स्टॉलों पर दी गई तकनीकी जानकारी

सोलर मेले में विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां तकनीकी विशेषज्ञों ने सोलर पैनलों की कार्यप्रणाली, रखरखाव, सुरक्षा मानकों, ऊर्जा संरक्षण, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता, सरकारी सब्सिडी और स्थापना की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। मेले में पहुंचे लोगों की शंकाओं का भी विशेषज्ञों ने सरल भाषा में समाधान किया।

ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा

विद्युत कार्यपालक अभियंता (एसटीएफ) प्रशांत कुमार ने बताया कि मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इच्छुक उपभोक्ताओं के लिए मौके पर ही ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। विभिन्न अधिकृत वेंडर्स और एजेंसियों ने भी भाग लेकर लोगों को उपयुक्त सोलर समाधान उपलब्ध कराने में सहयोग किया।

78 हजार रुपये तक की सब्सिडी

विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सहरसा के कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि योजना के तहत सरकार द्वारा रूफटॉप सोलर लगाने पर आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है।

  • 1 किलोवाट क्षमता पर 30,000 रुपये की सब्सिडी
  • 2 किलोवाट क्षमता पर 60,000 रुपये की सब्सिडी
  • 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी

इसके अलावा सोलर संयंत्र लगाने के लिए बैंकों के माध्यम से लगभग 7 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर 2 लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

उप विकास आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल बिजली खर्च कम करती है, बल्कि कार्बन उत्सर्जन घटाने और पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने लोगों से स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देने की अपील की।

बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

मेले में उपस्थित उपभोक्ताओं ने रूफटॉप सोलर की तकनीक, लागत, सब्सिडी और वित्तीय लाभों से संबंधित कई प्रश्न पूछे, जिनका विभागीय अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। कई लोगों ने योजना में रुचि दिखाते हुए जल्द ही अपने घरों में सोलर पैनल लगाने की इच्छा जताई।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता निशांत कुमार, सहायक विद्युत अभियंता (सहरसा शहरी) सुशील कुमार सुधांशु, सहायक विद्युत अभियंता (सहरसा ग्रामीण) बिजेंद्र कुमार, सहायक विद्युत अभियंता (सौरबाजार) सुशील कुमार, प्रशासी पदाधिकारी राजेश झा, सहायक प्रबंधक प्रभाष देव, आईटी मैनेजर सहित सभी कनीय विद्युत अभियंता, विभागीय कर्मचारी एवं मानव बल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्युत विभाग, सहरसा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, उपभोक्ताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस सोलर मेले से जिले में "पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना" के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक परिवार "स्वच्छ ऊर्जा अपनाएँ, उज्ज्वल भविष्य बनाएँ" के संकल्प को साकार करेंगे।

Post a Comment

0 Comments