सहरसा, 13 सितंबर 2026 । सहरसा सदर अस्पताल में 12 सितंबर को चिकित्सक डॉ. एस.के. आजाद और प्रभात खबर डिजिटल के संवाददाता अभिषेक कुमार के बीच हुई झड़प से संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने घटना की निष्पक्ष जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है।
जिला प्रशासन की ओर से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि घटना से संबंधित वीडियो वायरल होने की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने इस तरह की घटनाओं को अनुचित और निंदनीय बताया।
घटना की वास्तविक स्थिति और उससे जुड़े तथ्यों की जांच के लिए गठित समिति उपलब्ध तथ्यों, परिस्थितियों और संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर जांच करेगी। समिति अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी। इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल प्रबंधन को अस्पताल परिसर में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, मरीजों, उनके परिजनों और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच समुचित समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी पक्षों के साथ मर्यादित व्यवहार सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने घटना से जुड़े सभी पक्षों से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की है, ताकि सदर अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों और चिकित्सा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे। अब मामले में गठित उच्चस्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments