Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

सहरसा में दिनदहाड़े बंद फ्लैट से 25 लाख के गहने चोरी, दरवाजे का ताला तोड़कर वारदात



सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के वास्तु विहार फेज-2 में बंद फ्लैट से दिनदहाड़े करीब 20 से 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के समय फ्लैट मालिक मनीष कुमार अपने कार्यालय में थे। शाम करीब 5 बजे घर लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई।

मनीष कुमार मूल रूप से पूर्णिया जिले के बनमनखी के रहने वाले हैं। वह वास्तु विहार फेज-2 के फ्लैट नंबर 210 में किराए पर रहते हैं और नवहट्टा स्थित बिहार ग्रामीण बैंक में मैनेजर हैं।

बताया गया कि रविवार दोपहर मनीष कुमार की पत्नी, बेटा और मां पैतृक गांव चले गए थे। इसके बाद मनीष कुमार रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे अपने कार्यालय चले गए। फ्लैट बंद था।



शाम करीब 5 बजे जब वह वापस लौटे तो फ्लैट का मुख्य दरवाजा खुला मिला। दरवाजे पर लगा ताला गायब था। अंदर जाने पर गोदरेज की अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ मिला। अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने गायब थे। मनीष कुमार के अनुसार, चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपये है।

घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने मनीष कुमार का बयान भी दर्ज किया है।



मनीष कुमार ने कामवाली बाई पूनम देवी और अपार्टमेंट के गार्ड पर चोरी में मिलीभगत का शक जताया है। हालांकि, इस संबंध में अभी पुलिस की जांच जारी है और किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।

सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments