सहरसा, 06 अक्टूबर 2026। सहरसा जिले के सत्तरकटैया प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रकिया में मंगलवार को ‘पंचायत सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से आयोजित शिविर का उद्घाटन सहरसा के जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिहाग (भा.पु.से.) ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 20 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 10 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। निष्पादित मामलों से संबंधित लाभार्थियों को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मौके पर प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
शिविर के दौरान जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार ने सत्तरकटैया के प्रखंड विकास पदाधिकारी को सभी जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक सहज तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों के प्रति ग्रामीणों में व्यापक जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित करने का उद्देश्य अधिक से अधिक ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है।
सौर ऊर्जा अपनाने की अपील
शिविर में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाने की अपील की। उन्होंने स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सौर ऊर्जा के अधिक से अधिक उपयोग से बिजली की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता श्री केतन शुक्ला, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय प्रशाखा श्री राजू कुमार, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी श्री राजीव रंजन, सत्तरकटैया के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पंचायत सहयोग शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने और सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिला।
0 Comments