
भागलपुर। मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन सड़क पर गुरुवार सुबह रसलपुर थाना क्षेत्र के चायंटोला गांव के समीप ई-रिक्शा और हाइवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को ई-रिक्शे से बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज, भागलपुर रेफर कर दिया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान सनोखर थाना क्षेत्र के सनोखर गांव निवासी 24 वर्षीय संतोष कुमार और सबौर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी 25 वर्षीय मो. कुर्बान के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही रसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा और हाइवा को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
0 Comments