पटना। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को पटना के गांधी मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोकनायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर बिहार सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता तथा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी समेत अन्य लोगों ने भी जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में विधायक श्याम रजक सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लोकनायक के योगदान को याद किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने देश के लोकतांत्रिक आंदोलन में जयप्रकाश नारायण की भूमिका को स्मरण किया।
इस मौके पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों की ओर से आरती-पूजन का आयोजन किया गया। इसके बाद राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान, बिहार गीत और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के दौरान पटना में मौजूद लोगों ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों को याद किया।

0 Comments