सहरसा। भारतीय जनता पार्टी की जिला बैठक शनिवार को पटुआहा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष साजन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री शिव भूषण सिंह ने किया। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में क्षेत्रीय संगठन प्रभारी अनंत नारायण मिश्रा, जिला प्रभारी सुनील कुमार और प्रदेश भाजपा नेता एवं विस्तारक प्रभारी संजय राय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष साजन शर्मा ने आगंतुक अतिथियों को पाग-चादर देकर सम्मानित किया।
बैठक को बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. आलोक रंजन, नगर निगम की मेयर बैन प्रिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष मदन प्रसाद चौधरी, माधव जी, डॉ. शशि शेखर झा और सम्राट सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
क्षेत्रीय संगठन प्रभारी अनंत नारायण मिश्रा ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने और निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर को 'सपनों का भारत' कार्यक्रम के तहत उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं, 7 अक्टूबर को 'सेवा ज्योति यात्रा' के तहत सभी मंडलों के कार्यकर्ता पटेल मैदान पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री के शामिल होने की जानकारी भी बैठक में दी गई।
बैठक में जिला महामंत्री भैरवानंद झा, अनमोल भगत, जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन शाह, मनोज यादव, मिहिर झा, बीएन साहनी, सिद्धार्थ सिंह सिद्धू, अमीर राम, रिंकी देवी, कुमार गौरव, अरविंद भगत, मुकेश मानस, रंजना देवी, संजना देवी, सुगमनी देवी, कुमार अमर ज्योति, सुबोध शाह, सुरजीत सिंह, केशव कुशवाहा, अभिनंदन सिंह, विपिन कुशवाहा, संतोष गुप्ता, संजीव कुमार और भवेश सिंह सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं मोर्चा के जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने का संदेश दिया गया।
0 Comments