नालंदा/रामगढ़: बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिवार में पत्नी अमृता देवी की सरकारी स्कूल में शिक्षिका के पद पर नौकरी लगने की खुशी थी। इसी खुशी में पूरा परिवार झारखंड के रामगढ़ स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर (रजरप्पा) में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। लेकिन रास्ते में हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर पैंकी गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज रामगढ़ सदर अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों में विवेकानंद कुमार (40), उनकी पत्नी अमृता देवी (35), बेटी सोनाली (16), बेटे शुभम (12) और अमन, मां प्रमिला देवी (65), भाई चंदन, सिंटू कुमार, राजेश, बहन किरण कुमारी, उनके पति और बेटे के अलावा स्कॉर्पियो चालक नंदन कुमार शामिल हैं।
बताया जाता है कि विवेकानंद कुमार मां सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के निदेशक थे। परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और स्कूल से जुड़े लोग भी इस धार्मिक यात्रा में शामिल थे। पत्नी की सरकारी शिक्षक के पद पर नौकरी लगने के बाद परिवार ने मां छिन्नमस्तिका के दर्शन करने का कार्यक्रम बनाया था। लेकिन यह यात्रा परिवार के लिए आखिरी साबित हुई।
झारखंड के मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के प्रति संवेदना जताई और घायल व्यक्ति के समुचित इलाज का निर्देश दिए जाने की जानकारी दी।
इस दर्दनाक हादसे से नालंदा के जंघारो गांव में शोक की लहर है। जिस परिवार में सरकारी नौकरी मिलने की खुशी में उत्सव जैसा माहौल था, वहां अब अपनों को खोने का गहरा दुख है। एक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां और भविष्य के सपने छीन लिए।

0 Comments