मोहनिया (कैमूर):
बिहार के कैमूर जिले के कुदरा में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 लाख रुपये मूल्य की 52.58 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ और 19 लाख 48 हजार 12 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत तीन लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

मोहनिया के डीएसपी गोपाल कृष्ण ने 7 नवंबर को प्रेस वार्ता में बताया कि कुदरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुदरा निवासी मनेजर सिंह का पुत्र गुल्लुर सिंह उर्फ अंचल सिंह अपने कुछ साथियों के साथ वार्ड संख्या-11 स्थित जितेंद्र सिंह के घर में हेरोइन की पैकिंग कर रहा है। इस काम में घर की मालकिन किरण देवी भी सहयोग कर रही थी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसका सत्यापन किया और कुदरा अंचलाधिकारी सह मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में संबंधित घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को 52.58 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ और 19,48,012 रुपये नकद मिले। डीएसपी के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किरण देवी (32 वर्ष), मिंटू सिंह (26 वर्ष), निवासी करमपुरा पिपरा, थाना दुर्गावती और राजेश सिंह (20 वर्ष) के रूप में हुई है।

वहीं, मुख्य आरोपी गुल्लुर सिंह उर्फ अंचल सिंह, शिबू सिंह और जितेंद्र सिंह अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं दो मामले

डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि फरार मुख्य आरोपी गुल्लुर सिंह उर्फ अंचल सिंह का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कुदरा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं।

इस मामले में कुदरा थाना कांड संख्या 526/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।