सुपौल। छठ महापर्व को लेकर सुपौल जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जिलाधिकारी सावन कुमार ने संबंधित विभागों को छठ से पहले सभी जरूरी सड़कों की मरम्मत पूरी करने का निर्देश दिया है।
शनिवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में ग्रामीण कार्य विभाग एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्य प्रमंडल सुपौल, त्रिवेणीगंज और वीरपुर सहित पथ निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान डीएम ने अभियंताओं को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी आवश्यक सड़कों की मरम्मत हर हाल में पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि छठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न घाटों तक पहुंचते हैं। ऐसे में सड़कों की बेहतर स्थिति सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित निरीक्षण करने और खराब व जर्जर सड़कों को चिह्नित कर तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा
डीएम ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान जिले में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसलिए प्रशासन का प्रयास है कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिले। इसके लिए सभी संबंधित विभाग समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करें।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग एवं पथ निर्माण विभाग के संबंधित अभियंता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

0 Comments